Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

Basti News: दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में करियर कोच ने दिया सफलता का अचूक मंत्र



Basti News:  दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस में
करियर कोच ने दिया सफलता का अचूक मंत्र

बस्ती, 01 फरवरी। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में जहाँ विद्यार्थी अंकों, रैंक और परिणामों की दौड़ में मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं, वहीं दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस, बस्ती द्वारा आयोजित मेगा करियर सेमिनार ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को करियर के प्रति एक सकारात्मक, संतुलित और व्यावहारिक दृष्टिकोण प्रदान किया। 


शनिवार को विद्यालय परिसर में आयोजित “Purpose, Planning & The Path Ahead”  विषयक सेमिनार में करियर एवं पेरेंटिंग कोच मुकेश शर्मा ने अपने प्रेरक संबोधन से उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया। सेमिनार को संबोधित करते हुए मुकेश शर्मा ने कहा कि “करियर कोई दौड़ नहीं है जिसे जल्दबाजी में जीतना हो, बल्कि यह एक सोच-समझकर तय किया गया जिम्मेदार और दीर्घकालिक सफर है।” उन्होंने विद्यार्थियों को यह समझाया कि केवल अंकों या रैंक के आधार पर करियर चुनना भविष्य में तनाव, असंतोष और भ्रम का कारण बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व के अनुसार सही करियर विकल्प चुनने की सलाह दी।


श्री शर्मा ने वर्तमान परीक्षा प्रणाली, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बदलते करियर परिदृश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज सफलता का मापदंड केवल टॉप रैंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि आत्मविश्वास, सही दिशा में निरंतर प्रयास और मानसिक संतुलन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच के महत्व को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। सेमिनार के दौरान अभिभावकों को संबोधित करते हुए करियर कोच मुकेश शर्मा ने कहा कि बच्चे का करियर माता-पिता के दबाव से नहीं, बल्कि उनके सहयोग, विश्वास और समझ से बनता है। 


उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की तुलना दूसरों से न करें, उनकी रुचियों को पहचानें और उन्हें भावनात्मक सुरक्षा प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जब माता-पिता मार्गदर्शक और सहयोगी की भूमिका निभाते हैं, तभी बच्चा बिना डर के अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ केमिस्ट्री फैकल्टी अशोक शुक्ला ने बोर्ड एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित अपने बहुमूल्य अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा में सफलता के लिए अनुशासन, मजबूत कॉन्सेप्ट, नियमित अभ्यास और निरंतर आत्ममूल्यांकन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही सही रणनीति अपनाने की सलाह दी।


इस अवसर पर दिल्ली स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस, बस्ती द्वारा School Integrated Program (SIP) की औपचारिक घोषणा भी की गई। इस कार्यक्रम के अंतर्गत Foundation स्तर के विद्यार्थियों कक्षा 6 से 10 के लिए Olympiads एवं NTSE की तैयारी कराई जाएगी, वहीं कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए IIT-JEE (Main & Advanced) एवं NEET-UG की सघन एवं व्यवस्थित तैयारी कोटा के अनुभवी फैकल्टीज़ द्वारा विद्यालय में ही कराई जाएगी। इस पहल से बस्ती एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को कोटा, लखनऊ अथवा दिल्ली जैसे शहरों में जाकर भारी खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी। 


विद्यार्थी अपने माता-पिता के साथ रहकर कम शुल्क में कोटा पैटर्न की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के निदेशक श्री जे. पी. सिंह एवं प्राचार्य श्री गोपाल त्रिपाठी ने मंच से करियर कोच मुकेश शर्मा एवं वरिष्ठ फैकल्टी अशोक शुक्ला का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में इस शैक्षिक पहल को क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया तथा कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। कार्यक्रम का कुशल संचालन दिव्या त्रिपाठी द्वारा किया गया। सेमिनार में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। 

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad