रूधौली मे पेड़ से लटकी मिली 21 साल के युवक की लाश
The body of a 21-year-old youth was found hanging from a tree in Rudhauli.
बस्ती, 22 फरवरी। आज फिर एक सुसाइड केस सामने आया है। जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र के कुचुरूवा गांव में रविवार सुबह गांव के बाहर जामुन के पेड़ से लटकती 21 वर्षीय प्रिंस कुमार पुत्र गिरीश लाल की लाश मिली। गांव के एक बुजुर्ग शौच के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके युवक पर पड़ी।
पास जाकर युवक की पहचान की और तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही रुधौली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। बताया जा रहा है कि प्रिंस कुमार दो माह पहले ही दिल्ली से गांव लौटा था।
यहां वह मेहनत मजदूरी कर अपनी जीविका चलाता था। उसके पिता गिरीश लाल भी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में तीन पुत्र और एक पुत्री हैं, जिनमें प्रिंस सबसे बड़ा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और यह भी देखा जा रहा है कि मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है।
















Post a Comment
0 Comments