प्रधानमंत्री ने किया भारत की पहली
सेमीकंडक्टर परियोजना (Semiconductor Project) का शिलान्यास
21 फरवरी, गौतमबुद्धनगर, संवाददाता (ओ पी श्रीवास्तव) उत्तर प्रदेश में भारत के सेमीकंडक्टर मिशन को नई दिशा देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जनपद गौतम बुद्ध नगर के यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र सेक्टर-28, जेवर में उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना इंडिया चिप का शिलान्यास किया।
यह अत्याधुनिक परियोजना एच0सी0एल0 ग्रुप और फॉक्सकॉन के संयुक्त उद्यम के रूप में स्थापित की जा रही है।अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर निर्माण इकाई के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह परियोजना भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में सशक्त भागीदारी दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। 21वीं सदी प्रौद्योगिकी की सदी है और सेमीकंडक्टर आधुनिक अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। मोबाइल फोन, ऑटोमोबाइल, रक्षा उपकरण, चिकित्सा उपकरण और डिजिटल अवसंरचना सभी में चिप की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि इस इकाई की स्थापना से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है और मेक इन इंडिया तथा डिजिटल इंडिया जैसे अभियानों को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की नीतिगत पहलों और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजनाओं के परिणामस्वरूप देश में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। ग्रेटर नोएडा की यह इकाई अत्याधुनिक तकनीक से युक्त है और इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के युवाओं की प्रतिभा और कौशल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना प्रदेश को हाईटेक विनिर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगी।
इस अवसर पर उपस्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप भारत समग्र विकास के नए प्रतिमान स्थापित करते हुए वैश्विक आर्थिक महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में स्थित जेवर में 3700 करोड़ रुपये से अधिक निवेश वाली उत्तर भारत की पहली सेमीकंडक्टर परियोजना इंडिया चिप का शिलान्यास प्रधानमंत्री के कर-कमलों से होना प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश ने “स्केल और स्पीड” के साथ विकास सुनिश्चित किया है।

















Post a Comment
0 Comments