GB Nagar: दादरी की जनसभा मे चुनावी मोड मे दिखे
अखिलेश यादव, रूलिंग पार्टी पर किये ताबड़तोड़ हमले
गौतमबुद्ध नगर संवाददाता (ओ पी श्रीवास्तव)। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जिले के दादरी में आयोजित समाजवादी पार्टी की विशाल रैली में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को मंच से बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि दूसरी पार्टियों की रैलियों में लोगों को मजबूर करके लाया जाता है।
दादरी के मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में हुई इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारी रैली की चर्चा से घबराकर उन्होंने पहले रैली की। वहां लोग खुद नहीं आए, बल्कि उन्हें जबरन लाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी मशीनरी का सहारा लेकर भीड़ जुटाने की कोशिश की गई। रैली में अखिलेश यादव ने पीडीए (पीड़ित, दलित, अल्पसंख्यक) को सामाजिक बदलाव का आधार बताते हुए कहा कि पीड़ा ही हमें जोड़ने वाली ताकत है, सामाजिक न्याय के लिए लंबी लड़ाई लड़नी होगी।
सपा प्रमुख ने राज्य सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि 50 लाख करोड़ के एमओयू का जिक्र, लेकिन जमीन पर असर नहीं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। उन्होंने वादा किया कि सत्ता में आने पर युवाओं को ट्रेनिंग और रोजगार दिया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि जिन एयरपोर्ट्स का उद्घाटन किया गया, उनमें से कई बंद हो गए। सरकार को बताना चाहिए कि कहीं इन्हें बेचने के लिए तो नहीं बनाया गया? नोएडा विकास में सपा का दावा है कि उन्होंने कहा कि नोएडा-दिल्ली मेट्रो कनेक्टिविटी सपा सरकार की देन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में समाजवादियों का बड़ा योगदान रहा है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने जा रही है।










Post a Comment
0 Comments