बस्ती के रूधौली मे भयानक
सड़क हादसा, एक की मौत, 8 घायल
बस्ती, 04 मई। जनपद में अवैध मिट्टी खनन को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रूधौली थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा चौकी के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। सूत्रों के अनुसार, अवैध खनन की मिट्टी लेकर आ रही तेज रफ्तार डंपर ने सड़क पर चल रहे तीन टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही ओमप्रकाश (पुत्र सत्य प्रकाश) की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।
घायलों में से 2-3 लोगों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने अनियंत्रित डंपर चालक को पकड़कर पिटाई भी कर दी। जनपद के विभिन्न इलाकों में भूमाफियाओं द्वारा अवैध खनन लगातार जारी है। आरोप है कि खनन अधिकारी केवल कोटा पूर्ति के नाम पर कभी-कभार औपचारिक कार्रवाई कर देते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस रोक नहीं लग पाई है।
दबंग भूमाफियाओं के आगे खनन विभाग और राजस्व प्रशासन के मौन रहने से कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हादसे के तुरंत बाद पास के जिम सेंटर में मौजूद युवाओं ने दौड़कर घायलों को बाहर निकाला और कई लोगों की जान बचाई। वहीं, नेवादा के ग्राम प्रधान सुहेल अहमद ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस बुलवाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति के बावजूद-अवैध खनन पर कब लगेगी रोक?, कब तक ऐसे हादसों में लोगों की जान जाती रहेगी? भूमाफियाओं पर आखिर कब होगी सख्त कार्रवाई?











Post a Comment
0 Comments