टावर, पानी की टंकी पर चढ़कर सनसनी
फैलाने वालों के खिलाफ सख्त रवैया अपना रही पुलिस
बस्ती, 28 मई। मंगलवार को वाल्टरगंज कस्बे में वोडाफोन के मोबाइल टावर पर चढ़ने वाली युवती के खिलाफ पुलिस ने सार्वजनिक उपद्रव फैलाने के मामले मे मुकदमा दर्ज किया है। युवती के कथित प्रेमी को भी हिरासत में लिया गया है। इतना ही नहीं टावर सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई प्रचलित है। संदेश साफ है, इस तरह अपनी बात मनवाने या किसी और जिद को लेकर टावर या पानी की टंकी पर चढ़ने वालों के खिलाफ अब सख्ती बरती जायेगी। क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर सत्यभूषण तिवारी ने साफ कहा कि यह सनसनी फैलाने का तरीका है।
इससे समाज मे भय फैल रहा है और लोग अपनी बात मनवाने के लिये इन गैर कानूनी तरीकों का उपयोग कर सकते हैं। संदर्भित मामले मे मंगलवार को वाल्टरगंज स्थित वोडाफोन टावर पर चढ़कर युवती ने सार्वजनिक उपद्रव की स्थिति पैदा कर दी थी। घटना के दौरान टावर के नीचे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। सीओ सदर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा पाया गया है। युवती के कथित प्रेमी के खिलाफ गौर थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।












Post a Comment
0 Comments