Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

रूधौली मे भयानक सड़क हादसा, 2 की मौत



रूधौली मे भयानक सड़क हादसा, 2 की मौत
बस्ती, 24 मई।
जनपद के रुधौली थाना क्षेत्र से करीब 4 किलोमीटर दूर भितेहरा गांव में सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंचायत भवन के सामने दसिया की तरफ जा रही ट्रॉली में भानपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही महाराष्ट्र नंबर की फॉर्च्यूनर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि फॉर्च्यूनर का अगला हिस्सा पूरी तरह उड़ गया, जबकि ट्रॉली भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। 


किसी को खींचकर बाहर निकाला गया तो कहीं वाहन का लोहा काटकर घायलों को बाहर निकालना पड़ा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के करीब 30 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि एम्बुलेंस लगभग 45 मिनट बाद पहुंच सकी। गंभीर रूप से घायल लोग देर रात तक तड़पते रहे। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। 


सूत्रों के अनुसार हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से दो लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की पहचान मल्हर और रामस्वरूप निवासी गनवरिया कला के रूप में बताई जा रही है, जबकि अन्य घायल आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। तीन घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देर रात तक मौके पर भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad