डबल मर्डर से थर्राया इलाका, गांव मे पीएसी ने जमाया डेरा
यूपी डेस्कः बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली इलाके के गांव निजामपुर में लेनदेन के विवाद में मंगलवार रात दो पक्षों में फायरिंग हो गई। करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग होती रही। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया। वहीं, फायरिंग में एक पक्ष के सोनू 40 वर्ष व दूसरे पक्ष के अजब सिंह को गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए भारी पुलिस बल के अलावा पीएसी बल भी तैनात किया गया है। निजामपुर निवासी सोनू और अजब सिंह के परिवार गांव में अंदर रहते हैं। गांव के बाहर से सिकंदराबाद दनकौर मार्ग होकर गुजर रहा है। ग्रामीणों ने गांव के बाहर दनकौर मार्ग पर आवास में दुकान बना रखी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों में लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा है। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि रात में दोनों पक्षों के लोगों की फोन पर एक-दूसरे से बात हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
इसके बाद एक पक्ष के लोग स्विफ्ट कार में, दूसरे पक्ष के लोग फॉर्च्यूनर कार में सवार होकर गांव के बाहर दनकौर रोड पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ये बताया कि रात करीब 11 बजे कार से गांव के बाहर दनकौर रोड पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे की कार में आमने-सामने से टक्कर मार दी, इसके बाद एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 मिनट तक फायरिंग होती रही। सूचना पर निजामपुर चौकी पुलिस के अलावा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया।
फायरिंग के दौरान एक पक्ष के सोनू व दूसरे पक्ष के अजब सिंह को गोली लगने से वह घायल हो गए। वहीं, अजब सिंह पक्ष के अरविंद समेत दो लोग घायल हो गए। लोगों ने अजब सिंह और घायलों को उपचार के लिए नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहीं सोनू को परिजनों ने दादरी के नवीन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान सोनू व अजब सिंह की मौत हो गई। दोनों पक्षों में फायरिंग की सूचना पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह एसपी सिटी, अभिषेक प्रताप अजय, एसडीएम दिनेशचंद्र, सीओ दीपक कुमार तिवारी कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। घटनास्थल पर ईंट के टुकड़े, पिस्टल, 315 बोर के खोखे, 12 बोर के कारतूस बिखरे हुए पड़े थे। वहीं जूते-चप्पल भी बिखरे हुए पड़े थे। एसपी सिटी एसडीएम ने गांव में कैंप किया है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल के अलावा पीएसी भी तैनात की गई है। वहीं एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजय, एसडीएम दिनेश चंद्र गांव में कैंप किए हुए हैं और पल-पल के हालात पर नजर बनाए हुए हैं।









Post a Comment
0 Comments