बस्ती मे डिफाल्टर प्रधान बना प्रशासक
बस्ती, 24 जुलाई। भ्रष्टाचार को लेकर आदित्यनाथ सरकार की जीरो टालरेंस पालिसी महज कागजों मे है। अफसर वन टू का फोर करने मे आये दिन बेनकाब हो रहे हैं। ताजा मामले मे बस्ती जिला प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दुबौलिया ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत बर्दिया लोहार के निवर्तमान ग्राम प्रधान को प्रशासक नियुक्त कर दिया गया।
जबकि प्रधान पहले से डिफाल्टर हैं। शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को पत्र देकर आपत्ति जताई है। शिकायतकर्ता ने पंचायती राज विभाग के शासनादेश का हवाला देते हुए प्रधान को प्रशासक पद से हटाने की मांग की है। रमना तौफीर निवासी सूरज सिंह ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में आदेश 15 जुलाई के आदेश का हवाला दिया है। इसी आदेश के तहत दुबौलिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत बर्दिया लोहार के प्रधान को वित्तीय अनियमितता का दोषी पाए जाने पर 16 लाख 81 हजार 328 रुपये की रिकवरी का आदेश दिया गया है।
शिकायतकर्ता ने अपने पत्र में पंचायतीराज विभाग, उत्तर प्रदेश अनुभाग-3 के कार्यालय ज्ञाप का उल्लेख किया है। इसमें स्पष्ट है कि वित्तीय अनियमितता में दोषी पाए गए निवर्तमान ग्राम प्रधान को प्रशासक नियुक्त नहीं किया जा सकता। ऐसे मामलों में संबंधित क्षेत्र के एडीओ पंचायत को प्रशासक नियुक्त किया जाएगा। सूरज सिंह ने मांग की है कि शासनादेश का पालन करते हुए दोषी प्रधान को प्रशासक पद से हटाकर एडीओ पंचायत को प्रशासक बनाया जाए। इस मामले में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।




Post a Comment
0 Comments