शादी से इनकार करने पर सनकी
आशिक ने बीच राह मारी गोली, युवती गंभीर
यूपी डेस्कः मेरठ में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ बर्थडे पार्टी से लौट रही शाहीन को रोक लिया। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर झोंक दिया।
लड़की बचने के लिए झुक गई, इसलिए निशाना चूक गया। सहेली ने आरोपी को धक्का दिया। इससे वह गिर पड़ा। उठते ही दूसरी बार फायर किया। गोली लड़की के कान के पास लगी। वह सड़क पर गिर पड़ी। दर्द से तड़पने लगी। लोगों को आता देखकर आरोपी कैफ भागने लगा। चिल्लाते हुए बोला- मुझसे शादी नहीं करोगी तो किसी और से नहीं करने दूंगा। मेरी नहीं हुई तो किसी और की नहीं दूंगा। आनन-फानन में लड़की को केएमसी अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में ’अंजुम पैलेस’ के पास घटी है। आरोपी शादीशुदा है और लड़की पर शादी का दबाव बना रहा था। लड़की उसकी पूर्व प्रेमिका बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से मिले और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होने बताया लड़की से आरोपी के प्रेम सम्बन्ध की बात सामने आई है, तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।










Post a Comment
0 Comments