कौशाम्बी मे पटाखा फैक्ट्री मे विस्फोट,
11 की मौत, 5 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
18 से ज्यादा घायल
फैक्ट्री मालिक का हाफ एनकाउंटर
सीएम ने की घायलों का 50 हजार, मृतकों के परिजनों को 2 लाख अहेतुक सहायता की घोषणा
यूपी डेस्कः कौशांबी जिले के पिपरी थानाक्षेत्र में एक पटाखा फैक्टरी में सोमवार दोपहर जबरदस्त धमाका हो जाने से 11 लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी डॉक्टर अमित पाल ने बताया कि इस घटना में गंभीर रूप से घायल पांच लोगों का प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान अब भी जारी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस विस्फोट में मारे गए लोगों की पहचान प्रियांजलि (5), प्रवीण सिंह (13), जान्हवी (12), आदित्य (12), रवि (8), ज्ञान सिंह (40), आदित्य (8), अंजू (32), विक्रम सरोज (35), अंश (6) और नन्हा (4) के रूप में की गई है। वहीं दूसरी ओर अवैध पटाखा फैक्ट्री का मालिक नौशाद शहर छोड़कर भागने की फिराक मे था, उसको पुलिस ने मंगलवार तड़के 4 बजे सैयद सरावां इलाके में मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया। उसे पैर में गोली लगी है। वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले 8 बच्चों समेत 11 लोगों का आज पोस्टमॉर्टम होगा। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक नौशाद, उसकी पत्नी, बेटे समेत परिवार के 6 लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने पत्नी शबाना को हिरासत में भी लिया है।
रविवार रात साढ़े 7 बजे फैक्ट्री से 400 मीटर दूर बनाए गए गोदाम को बुलडोजर से ढहा दिया था। मामले में थाना प्रभारी विकास सिंह समेत 3 पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच और 2 सिपाहियों को सस्पेंड किया है। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। अधिकारियों का कहना है कि इस घटना में 18 से अधिक लोगों के घायल होने की आशंका है। विस्फोट की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के बगल से गुजर रही दिल्ली-हावड़ा लाइन पर रेलगाड़ियों का संचालन एक घंटे के लिए रोक दिया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत, प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे।
एनडीआरफ, एसडीआरएफ, दमकल की गाड़ियां, तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मी राहत-बचाव कार्य में जुटे हैं। घटनास्थल के पास पहुंची अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को मनोरी रेलवे स्टेशन पर वापस भेज दिया गया। दिल्ली से बनारस जा रही वंदे भारत ट्रेन को एक स्टेशन पीछे सैयद सरावा रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया था। इसके साथ ही एक घंटे तक रेलवे यातायात भी प्रभावित रहा। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, दमकल विभाग और वायु सेना के जवान साथ मिलकर बचाव अभियान में जुट गये।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मृतकों के परिजनों एवं घायलों के लिए सहायता की भी घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर कहा, “जनपद कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000-50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के भी निर्देश दिये गये हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।













Post a Comment
0 Comments