गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित
दो दिवसीय प्रेरणा विमर्श-2026 के समापन समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री
गौतमबुद्ध नगर संवाददाता, (ओ पी श्रीवास्तव)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि हमारी संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम की है। वे रविवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे थे। उन्होंने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय प्रेरणा विमर्श-2026 के समापन समारोह में शिरकत की। इस वर्ष कार्यक्रम की केंद्रीय थीम ‘उत्कर्षः नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने सनातन परंपरा, भारतीय संस्कृति, नारी शक्ति और युवाओं से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में 19 और 20 सितंबर को आयोजित प्रेरणा विमर्श-2026 का मुख्य उद्देश्य समकालीन सामाजिक विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श रहा। आयोजन के दौरान ‘युवा सोच, नया भारत’ और ‘सृजन संवाद’ जैसे सत्रों में युवा शक्ति, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास और महिला नेतृत्व जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
प्रेरणा विमर्श-2026 की शुरुआत शनिवार को गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में 108 कुंडीय ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से हुई। आयोजकों के अनुसार करीब 1200 महिलाओं ने यज्ञ में सहभागिता की और राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति तथा सामाजिक कल्याण के लिए आहुतियां दीं। आयोजन समिति के अनुसार जीबीयू में इस यज्ञ परंपरा की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी। इस बार इसमें महिलाओं की भागीदारी करीब 1200 तक पहुंची। समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की आत्मा सनातन परंपरा में बसती है। उन्होंने भारतीय संस्कृति में विभिन्न विचारों की स्वीकार्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि अच्छे विचार कहीं से भी आएं, उनका स्वागत किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने भारतीय परंपरा, ऋषि परंपरा, देवी-देवताओं, तीर्थों और सांस्कृतिक विरासत का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति और मातृशक्ति के सम्मान की विशेष परंपरा रही है। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के एक पुराने बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए इस तरह की बात नहीं कही जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से भारत की छवि को लेकर गलत धारणा बनाने की कोशिश होती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लेते हुए नारी शक्ति और मातृशक्ति के सम्मान का मुद्दा उठाया। उन्होंने भारतीय संस्कृति में ‘पहले आप’ जैसे संस्कारों और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना का उल्लेख किया। योगी ने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही नारी शक्ति को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है और मातृशक्ति का सम्मान भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषता रही है।




Post a Comment
0 Comments