गोण्डा मे विनोद साहनी की हत्या,
माहौल तनावपूर्ण, कैबिनेट मंत्री धरने पर
यूपी डेस्कः गोण्डा मे व्यापारी नेता विनोद कुमार साहनी की हत्या को लेकर माहौल तनावपूर्ण है। कैबिनेट मंत्री संजय निषाद आज गोण्डा पहुंचे हैं। उन्होने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन की घोषणा की है। गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय के आसपास भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई है। रेक्सड़िया गांव मे भी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शुक्रवार को विनोद का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। वहीं, निषाद पार्टी की ओर से कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन की घोषणा के बाद वहां भी पुलिस बल तैनात किया गया है। विनोद की हत्या को पुलिस फिलहाल केवल अचानक हुए विवाद के तौर पर नहीं देख रही है। शुरुआती जांच में सोशल मीडिया पर लगातार चल रही बयानबाजी और पोस्ट को लेकर विवाद की बात सामने आई है। पुलिस ने विनोद की सोशल मीडिया गतिविधियों और विवादित पोस्टों को भी जांच के दायरे में लिया है।
हत्या से कुछ घंटे पहले की पोस्ट भी जांच में अहम बुधवार रात हमले से कुछ घंटे पहले विनोद ने फेसबुक पर एक रील पोस्ट की थी। इसके साथ उन्होंने निषाद समाज के लोगों से इसे अधिक से अधिक साझा करने की अपील की थी। विनोद सोशल मीडिया पर निषाद समाज से जुड़े मुद्दों और राजनीतिक विषयों पर लगातार मुखर रहते थे। उनकी पोस्ट पर कई बार तीखी बहस और प्रतिक्रियाएं भी होती थीं। इसके बावजूद वह लगातार सक्रिय रहे। पुलिस की जांच के अनुसार बुधवार देर रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे विनोद को रास्ते में शुभम सिंह उर्फ गोलू ने रोक लिया।
आरोप है कि शुभम ने सुभाष सिंह, आकाश सिंह समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में विनोद को पहले परसपुर सीएचसी, फिर मेडिकल कॉलेज गोंडा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया, जहां बृहस्पतिवार दोपहर उनकी मौत हो गई। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे। मुख्यमंत्री कार्यालय के निर्देश के बाद परसपुर थाना प्रभारी कमला शंकर चतुर्वेदी और शाहपुर चौकी प्रभारी अंकित सिंह को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एसपी अभिषेक के अनुसार सोशल मीडिया पोस्ट, आपसी रंजिश और हमले के पीछे के अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस पर निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मंत्री संजय निषाद धरने पर बैठे हैं। उनके साथ वीआईपी पार्टी प्रमुख मुकेश सहनी और सपा एमएलसी राजपाल कश्यप भी मौजूद रहे। माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण है। नाराज प्रदर्शनकारी यूपी मे जंगलराज होने की बात की बात कह रहे हैं।



Post a Comment
0 Comments