डीआईजी ने छावनी थाने का किया निरीक्षण,
बाढ़ चौकियों पर ली सुरक्षा की जानकारी
बस्ती, 11 सितम्बर। पुलिस उप महानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र, बस्ती ने गुरूवार को छावनी थाने का निरीक्षण कर मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। डीआईजी ने कार्यालय, साईबर सेल, मिशन शक्ति केन्द्र, भोजनालय, शस्त्रागार तथा सम्पूर्ण थाना परिसर का बारीकी से अवलोकन किया।
थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेखों की व्यवस्था, साईबर सेल की कार्यप्रणाली, मिशन शक्ति केन्द्र की गतिविधियाँ तथा सुरक्षा व्यवस्था की जाँच की। उन्होने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर पुलिस की कार्यशैली के प्रति उनका नजरिया जाना। नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों को सुना तथा उन्हें आश्वासन दिया कि इन पर ध्यान रखा जायेगा। डीआईजी ने थाना क्षेत्र के चौकीदार से भी वार्ता की और उन्हें अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए सतर्कता बरतने तथा समय-समय पर सूचना देने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक ने थाना कर्मियों को आम जनता के प्रति अच्छा व विनम्र व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार सदैव संवेदनशील, विनम्र, सहयोगपूर्ण एवं जन-हितैषी होना चाहिए। जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनना तथा उनका शीघ्र एवं निष्पक्ष समाधान करना प्रत्येक पुलिसकर्मी का कर्तव्य है। इसके पश्चात् पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र द्वारा जनपद बस्ती के समस्त राजपत्रित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, साईबर अपराधों की रोकथाम, मिशन शक्ति कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन, बाढ़ राहत कार्यों में समन्वय तथा जन-संवाद को मजबूत बनाने संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें तथा जन-समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। इसी क्रम में जनपद बस्ती के बाढ़ चौकी का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी हरैया, क्षेत्राधिकारी कलवारी तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली उपस्थित रहे।




Post a Comment
0 Comments