दुकान से जेवर चुराने वाली महिलायें गिरफ्तार
जिला संवाददाता बिजनौर (फैसल खान) बिजनौर के चांदपुर में सर्राफा की दुकान से हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की गई ज्वैलरी और वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार बरामद की गई हैं। पुलिस पूछताछ में चोरी की वारदात में अन्य आरोपियों के भी शामिल होने की बात सामने आई है, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
दरअसल, 12 सितंबर को ग्राम रसूलपुर नंगला निवासी दिनेश वर्मा ने चांदपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी ज्वैलरी की दुकान से अज्ञात चोर सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मामले में दो महिलाओं के शामिल होने की जानकारी मिली। आज चांदपुर पुलिस ने जाहिदा उर्फ छोटी और आशिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 03 जोड़ी कुंडल और 04 जोड़ी बिछुवे बरामद हुए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो स्विफ्ट कार भी पुलिस ने बरामद की हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपी महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 7 सितंबर को ग्राम रसूलपुर नंगला स्थित सर्राफा की दुकान में चोरी की थी। चोरी किए गए जेवरात को सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिया था। पुलिस के अनुसार, बरामद कुंडल और बिछुवे चोरी की उसी वारदात से संबंधित हैं और दोनों महिलाओं के हिस्से में आए थे। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में खातून, आशमीन, रुखसाना, फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर के नाम भी प्रकाश में आए हैं। इनमें फरीद खां और भूरिया उर्फ जाकिर को कार चालक बताया गया है। पुलिस सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।





Post a Comment
0 Comments