कैदी के भागने की बात छिपाई,
एसएसपी ने 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया
यूपी डेस्कः बरेली में एक बंदी, सचिन सिंह ठाकुर, जिला न्यायालय की हवालात से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। उसे 21 अक्टूबर को पेशी के लिए लाया गया था, लेकिन पुलिसकर्मियों ने तीन दिन तक घटना छिपाई। इस मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
हैरानी की बात यह है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तीन दिन तक मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी और खुद ही बंदी की तलाश करते रहे। शनिवार को मामला सामने आने पर एसएसपी अनुराग आर्य ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सभी के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। सुभाषनगर निवासी सचिन सिंह ठाकुर जिला कारागार में बंद था। बंदी के भागने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोर्ट हवालात चौकी दरोगा विजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कुलवंत सिंह, सुधीर कुमार, सोमदास, धर्मेंद्र तथा कांस्टेबल इंद्रजीत और आदेश की लापरवाही सामने आई है। सभी आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इनके खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसएसपी अनुराग आर्य ने फरार बंदी सचिन सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी के लिए चार संयुक्त टीमें गठित की हैं। इनमें सर्विलांस, एसओजी, कोतवाली और सुभाषनगर थाना पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।






Post a Comment
0 Comments