Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

बस्ती की राजनीति मे रंगा, बिल्ला, शिखण्डी कौन ?

 

बस्ती की राजनीति मे रंगा, बिल्ला, शिखण्डी कौन ?
अशोक श्रीवास्तव की समीक्षाः
 अशोक श्रीवास्तव की समीक्षाः बस्ती की राजनीति मे रंगा, बिल्ला, शिखंडी कौन हैं ? यह सवाल सोशल मीडिया और आम जनमानस मे ट्रेंड कर रहा है। जो राजनीति की जरा भी समझ रखता है उसे बात भलीभांति समझ मे आ रही है कि ये बस्ती की राजनीति मे बड़े नाम हैं। हालांकि 06 दिसम्बर को डेडलाइन दी गई है कि बस्ती के रंगा, बिल्ला और शिखण्डी एक्सपोज होंगे। यानी उनके नाम सार्वजनिक किये जायेंगे जिससे हर कोई उनके बारे मे जान सके। उनकी करतूत और सभी काले कारनामे उजागर करने की बात कही गयी है। ये बातें किसी बंद कमरे मे नही हुई हैं, बाकायदा प्रेस कान्फ्रेंस मे ये सब कहा गया है। 

हम बात कर रहे हैं बस्ती को बेस से स्पेस तक ले जाने का रोडमैप लेकर उतरे समाजसेवी मनीष मिश्रा की। यूं तो मनीष की पहचान समाजसेवी के रूप मे है। राजनीतिक जमींन तैयार करने मे वे पानी की तरह पैसा खर्च कर रहे हैं। उनकी ऊंची पहुंच, अकूत दौलत और बातचीत करने का अंदाज उन्हे भीड़ से अलग करता है। मनीष मिश्रा अनेकों परिवारों, सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसरों और पत्रकारों की मदद कर चुके हैं। हजारों परिवारों को सरकारी योजना की तरह पेंशन दे रहे हैं। कई लोगों का इलाज करवा चुके हैं। 

अभी तक व्यक्तिगत स्तर पर यह नही सुना गया कि किसी ने इतने बड़े पैमाने पर लोगों की आर्थिक मदद की हो। इतना सबकुछ होने के बावजूद मनीष मिश्रा का बड़बोलापन, राजनीति मे खास मुकाम और पहचान बना चुके लोगों को नीचा दिखाने, बगैर रोडमैप के बड़े बड़े दावे करने की आदत ही उनकी दुश्मन है। यदि मनीष मिश्रा का कुछ नुकसान होता है तो उसका कारण उनकी अपनी आदतें और स्वभाव होगा। सबकुछ सामान्य चल रहा था। 

लोग मनीष मिश्रा की आदतें, उनका बड़बोलापन, अहंकार और दूसरे नेताओं को नीचा दिखाने की आदत और उनकी अकूत दौलत के बारे मे जान चुके हैं। लेकिन अचानक मनीष मिश्रा ने अपने चहेते पत्रकारों को बुलाकर जो खुलासा किया उसकी वजह से उनकी चर्चा और तेज हो गई। दरअसल छठ पर्व पर मनीष मिश्रा ने व्रती महिलाओं के ऊपर अपने निजी हेलीकाप्टर ये पुष्पवर्षा करने का ऐलान किया किया था। 12 नवम्बर की देर रात मे मनीष को स्थानीय प्रशासन ने बताया कि हेलीकाप्टर उड़ाने की अनुमति नही दी गई है। मनीष भावुक नजर आये। इसे मनीष मिश्रा ने अपनी पहली पराजय माना और अपरोक्ष से सभी का नाम लिया जिसने प्रशासन पर दबाव बनाकर उनकी स्पीड मे ब्रेक लगाया।

बस्ती की राजनीति मे कई नये अदृश्य किरदार सामने आये। मनीष मिश्रा ने हेलिकाप्टर से पुष्पवर्षा रोकने के लिये रंगा, बिल्ला, शिखंडी को जिम्मेदार ठहराया, और भी कई राक्षसों के नाम सामने आये जैसे राहु केतु, शुम्भ निशुम्भ, मधु कैटभ, चण्ड मुण्ड आदि। ये कौन हैं जो अभी तक छिपे थे और अब सार्वजनिक होंगे। फिलहाल जानकार इस बात की गारण्टी ले रहे हैं कि रंगा, बिल्ला, शिखंडी आदि भाजपा मे हैं और पार्टी के बड़े चेहरे हैं। जानकारों का यह भी कहना है कि मनीष ने बात बात मे अपरोक्ष रूप से जो कहा है वह दूसरा पक्ष कतई बर्दाश्त नही करेगा। कुछ लोग यह भी कह रहे हैं इसमे कोई एक बड़ी ताकत हाशिये पर जायेगी। कुछ लांेग यह भी कह रहे हैं कि यह पूरा खेल बस्ती मे खेला जा रहा है लेकिन इसका रिमोट कन्ट्रोल राजधानी मे है।

कुछ लोग इस प्रकरण को प्राचीन कथा से जोड़कर देख रहे हैं, कह रहे हैं एक बार तप से भगवान शिव को भष्मासुर ने प्रसन्न कर लिया था। भगवान शिव से उसने आशीर्वाद प्राप्त कर लिया कि वह जिसके सिर पर अपना हाथ रख देगा वह भष्म हो जायेगा। उसने शिव के सिर पर हाथ रखकर उन्हे भष्म करना चाहा। भगवान इधर उधर भागने लगे। पूरा ब्रह्माण्ड संकट मे आ गया। देवी देवता सभी उससे डरने लगे। विष्णु भगवान ने मोहिनी रूप धरा और मनमोहक नृत्य करने लगे। भष्मासुर उन्हे देख मोहित हो गया। मोहिनी ने कहा ‘‘अगर तुम मेरे साथ नृत्य में मुझे हरा दोगे, तभी मैं तुम्हें स्वीकार करूँगी।” भस्मासुर नृत्य करने लगा और मोहिनी के हर कदम की नकल करने लगा।

अंत में मोहिनी ने अपने सिर पर हाथ रखा। भस्मासुर ने भी वैसा ही किया और उसी क्षण वह स्वयं भस्म हो गया। बात देवता और राक्षसों की शुरू हुई है तो धीरे धीरे करके सभी किरदार सामने आयेंगे। अब कई सवाल उठ रहे है।, भगवान शिंव कौन है, उन्होने किसको अपना आशीर्वाद देकर भेजा है। भगवान शिव के आशीर्वाद से मिली शक्ति से उपजा अहंकार तोड़ने के लिये कौन विष्णु का किरदार निभायेगा और भष्मासुर भष्म होगा या और ताकतवर हो जायेगा। यह सबकुछ ऐसे वक्त हो रहा है जब सभी राजनीतिक दल अपनी मोहरें बिछा रहे हैं और यूपी मे सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। ऐसे मे कोई भाजपा की ही बखिया उधेड़ रहा है। कौन है जिसे ये सबकुछ अच्छा लग रहा है। फिलहाल जानकारों ने रंगा और शिखण्डी को ढूढ़ लिया है, बिल्ला पर थोड़ा सस्पेन्स है। देखना और सुनना दिलचस्प होगा कि बस्ती की राजनीति का बिल्ला कौन है।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL
SIDDHANT HERBAL BATH SOAP

Bottom Ad