Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

बेजुबानों को मिली राहत, भीषण गर्मी मे सराही जा रही ग्राम पंचायत की पहल



बेजुबानों को मिली राहत,
भीषण गर्मी मे सराही जा रही ग्राम पंचायत की पहल

बस्ती, 23 मई।
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जहां इंसान गर्मी से बेहाल हैं, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के सामने भी पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे कठिन समय में जनपद बस्ती के सदर विकासखंड के ग्राम पंचायत मरहा ने मानवता और जीव संरक्षण की मिसाल पेश करते हुए पंचायत क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक, सुरक्षित एवं सुगम स्थलों पर पानी से भरे नाद (जल पात्र) रखवाने की सराहनीय पहल शुरू की है।


ग्राम पंचायत द्वारा पंचायत के पश्चभूमि में दर्जन भर स्थानों पर जल पात्र स्थापित किए गए हैं, ताकि आवारा पशु, गौवंश, कुत्ते तथा पक्षियों को भीषण गर्मी में आसानी से पीने योग्य पानी उपलब्ध हो सके। पंचायत की इस पहल की ग्रामीणों द्वारा सराहना की जा रही है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अखिल कुमार यादव ने बताया कि गर्मी के मौसम में सबसे अधिक परेशानी बेजुबान जीवों को उठानी पड़ती है। कई बार पानी के अभाव में पशु-पक्षियों की जान तक चली जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर पर यह व्यवस्था कराई गई है, ताकि कोई भी जीव प्यासा न रहे। 


उन्होंने कहा कि जीवों पर दया करना ही सबसे बड़ा मानव धर्म है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में आगे आना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि लोग अपने घरों, दुकानों, खेतों और छतों पर भी पानी से भरे छोटे पात्र अवश्य रखें। यदि हर घर एक परिंडा और एक जल पात्र रख दे, तो यह हजारों पशु-पक्षियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने पंचायत की इस मानवीय पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में संवेदनशीलता और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हैं। भीषण गर्मी के बीच ग्राम पंचायत मरहा की यह पहल न केवल पशु-पक्षियों के लिए राहत बनी है, बल्कि मानवता की मिसाल भी पेश कर रही है।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

Bottom Ad