लालगंज पुलिस ने हत्याभियुक्तों को
24 घण्टे के अंदर दबोचा, शव रखकर किया जा रहा था प्रदर्शन
बस्ती, 25 जून। बैनामे मे गवाही को लेकर लालगंज थाना क्षेत्र के मेहनौना मे हुई लक्षिमन निषाद की हत्या मामले का खुलासा करते हुये पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। परिजन आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुधाकर पाल पुत्र निर्भय प्रकाश पाल तथा सौरभ पाल पुत्र स्व0 संजय पाल के रूप मे हुई। दोनो अभियुक्त मेहनौना गांव के ही रहने वाले हैं।
पूरा वाकया
घटना 23 जून की है। लक्षिमन निषाद की पत्नी सुभावती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 22 जून की रात लगभग 09.15 बजे मेरे गाँव के सुधाकर पाल पुत्र निर्भय प्रकाश पाल व सौरभ पाल पुत्र स्व0 संजय पाल व 4-5 अज्ञात व्यक्ति मेरे पति लक्ष्मण निषाद को नदी के पास धोखे से बुलाकर उन्हे लोहे की रॉड व डण्डे से पीट-पीट कर मारने लगे। मुझे सूचना मिली तो मैं दौड़कर नदी के पास गयी। वहां देखा कि मेरे गाँव के सुधाकर पाल व सौरभ पाल एवं 4-5 लोग अज्ञात मिलकर मेरे पति को लाठी डण्डे से मार रहे थे। शोर मचाने पर सभी लोग भाग गये परन्तु सुधाकर पाल व सौरभ पाल मारना बन्द नहीं किये, जब तक कि मेरे पति मर नहीं गये तब तक मारते रहे। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की तत्काल जांच शुरू की।
उधर घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव घर आने पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। कहा मुआवजा, अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करेंगे। सीओ के लिखित आश्वासन के बाद परिजन माने और अंतिम संस्कार किया। दूसरी ओर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुये घटना के 24 घण्टे के भीतर ही दो अभियुक्तों को दबोच कर जेल भेज दिया। अभियुक्तों को गिरफ्तार करने मे प्रभारी निरीक्षक लालगंज विनय पाठक, प्रभारी स्वाट एसआई शेषनाथ यादव, चौकी प्रभारी महसों उ0नि0 सुरेश कुमार, चौकी प्रभारी लालगंज उ0नि0 अनन्त मिश्रा आदि का योगदान रहा।












Post a Comment
0 Comments