एआरटीओ हुमा परवीन ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
डेस्कः इटावा की एआरटीओ हुमा परवीन ने खुद पर मड़रा रहे खतरे का जिक्र करते हुये पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। एआरटीओ ने 5 अगस्त को अवैध ट्रक जब्त किया था। उसके बाद से उनकी गाड़ी का अक्सर पीछा किया जा रहा है। एआरटीओ (प्रवर्तन) हुमा परवीन ने माफिया से अपनी जान का खतरा बताते हुए एक वीडियो जारी किया है।
वीडियो मे उन्होंने कहा है कि बीते 5 अगस्त को एक अवैध ट्रक जब्त करने के बाद से कुछ संदिग्ध लोग लगातार उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे हैं, कभी स्कूटी तो कभी कार से। फिर सूनसान जगहों पर रोककर उन्हें धमकी दी जाती है। इसको लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करके सुरक्षा की मांग की है। एआरटीओ ने कहा कि पीछा करने वालों में एक कथित यूट्यूबर और दलाल शामिल है, जो मोरंग और गिट्टी से लदे ट्रकों को पास कराने का काम करता है और इसके एवज में प्रति ट्रक करीब एक हजार रुपये लिए जाते हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई करने पहुंचने पर उनकी लोकेशन खनन से जुड़े लोगों तक पहुंचाई जाती है। एआरटीओ ने कहा कि उनके पास पीछा किए जाने और संबंधित घटनाओं के वीडियो भी मौजूद हैं। क्षेत्राधिकारी इटावा अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है, उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।













Post a Comment
0 Comments