फतेहपुर आरटीओ दफ्तर मे मचा हड़कम्प, 12 बिचौलिये हिरासत मे
यूपी डेस्कः आरटीओ दफ्तरों में भ्रष्टाचार कोई नया मामला नही है। यहां अफसर और बाबू तनख्वाह से कई गुना कमाई कर रहे हैं, और बेबस लाचार जनता अपनी गाढ़ी कमाई रिश्वत के रूप मे चुका कर अपना काम आसान कर रही है। तेज तर्रार आईएएस आशुतोष निरंजन के परिवहन आयुक्त बनने के बाद लगातार कार्यवाही हो रही है।
यूपी के कई आरटीओ दफ्तरों में तो सन्नाटा पसरा है। दलाल कोसों दूर भाग रहे हैं और अफसर फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। ताजा मामला फतेहपुर का है। यहां एआरटीओ कार्यालय में बृहस्पतिवार को एडीएम विनय पांडेय और एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने पुलिस टीम के साथ छापा मारा। जानकारी मिलते ही कार्यालय के अंदर मौजूद दलाल भाग गए। दफ्तर के बाहर दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद होने लगे। दोनों अफसरों और पुलिस ने कार्यालय में करीब 25 लोगों को रोककर पूछताछ की।
इनमें 12 लोग कार्यालय आने का उचित कारण नहीं बता सके। सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया गया। चौकी प्रभारी आदर्श सिंह ने बताया कि राधानगर थाने के सथरियांव निवासी प्रदीप सिंह, परशुरामपुर निवासी विपिन साहू, सदर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइंस निवासी विनोद कुमार, रानी कॉलोनी निवासी प्रदीर कुमार के खिलाफ खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
एआरटीओ रंजीत सिंह ने बताया कि कार्यालय के बाहर कुछ कैफे संचालक ऑनलाइन कार्य करते हैं। वहां मौजूद कुछ लोग संदिग्ध पाए गए जिन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उन्होंने बताया कि कार्यालय के अंदर से किसी व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया। एडीएम विनय पांडेय ने बताया कि बाहरी लोगों का आर्थिक शोषण न हो इसके लिए निरीक्षण कर स्थिति परखी जाती है। कार्यालय आने वाले लोगों से उनके काम के संबंध में जानकारी ली गई। संतोषजनक जवाब न देने वाले लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पूछताछ पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।















Post a Comment
0 Comments