Type Here to Get Search Results !

Bottom Ad

फुटबाल प्रतियोगिता मे बस्ती के खिलाड़ियों ने प्रदेश मे बनाया तीसरा मुकाम

फुटबाल प्रतियोगिता मे बस्ती के
खिलाड़ियों ने प्रदेश मे बनाया तीसरा मुकाम

बस्ती, 04 सितम्बर।
वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में 30 अगस्त से 3 सितंबर तक आयोजित प्रदेश स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन बस्ती मंडल के अंडर-19 बालक वर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक के लिए खेले गए बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले में बस्ती मंडल ने मेजबान आजमगढ़ मंडल को 1-0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। 


मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बस्ती मंडल के खिलाड़ियों ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाया। पहले हाफ में आयुष ने शानदार गोल दागकर बस्ती मंडल को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद आजमगढ़ मंडल ने बराबरी के लिए लगातार हमले किए, लेकिन बस्ती के खिलाड़ियों ने बेहतरीन रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।


निर्धारित समय तक बस्ती की बढ़त कायम रही। जैसे ही अंतिम सीटी बजी, बस्ती मंडल के खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों ने जीत का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी। कप्तान अनुभव सिंह के नेतृत्व में बस्ती मंडल की टीम ने पूरी प्रतियोगिता में जुझारूपन, अनुशासन, खेल भावना और शानदार टीमवर्क का परिचय दिया। कठिन मुकाबलों के बीच खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। 


डीआईओएस ने दी बधाई

बस्ती मंडल की इस शानदार उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह ने खिलाड़ियों, कप्तान, प्रशिक्षकों, प्रबंधकों, शारीरिक शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों को बधाई देते हुए कहा कि बस्ती मंडल के खिलाड़ियों ने पूरे प्रदेशीय टूर्नामेंट में जिस संघर्ष, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया है, वह गौरवपूर्ण है। प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त करना बस्ती के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह साबित किया है कि उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास के बल पर बस्ती के खिलाड़ी प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं।


मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव, प्रभाकर ओझा, मनोज कुमार राय, चंद्र प्रकाश पांडेय, जगन्नाथ यादव,रमेश चंद्र गुप्ता, विवेक कुमार श्रीवास्तव, अजय कुमार वर्मा, माता प्रसाद त्रिपाठी सहित मंडल के समस्त शारीरिक शिक्षकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने टीम की इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


अंतिम दिन जीत से बढ़ा उत्साह

30 अगस्त से 3 सितंबर तक चली इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आज अंतिम दिन था। प्रतियोगिता के समापन दिवस पर बस्ती मंडल के अंडर-19 खिलाड़ियों ने निर्णायक मुकाबले में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का शानदार समापन किया। कांस्य पदक के साथ बस्ती मंडल ने एक बार फिर साबित किया कि मंडल के खिलाड़ियों में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की पूरी क्षमता है। बस्ती मंडल की इस सफलता से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और खेल जगत में उत्साह का माहौल है। प्रदेश में तीसरा स्थान और कांस्य पदक हासिल कर टीम ने न सिर्फ बस्ती का मान बढ़ाया, बल्कि मंडल की फुटबॉल प्रतिभा का भी दमदार प्रदर्शन किया।

Post a Comment

0 Comments

Below Post Ad

MARIUM HOSPITAL

 

MUNDERWAN
AAROHI
L.F.S.

Bottom Ad