22 लोगों को निगल गई जहरीली शराब
नेशनल डेस्कः मध्य प्रदेश के सागर से दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। यहां जहरीली शराब पीने से अब तक पिता पुत्र समेत 22 लोग काल के गाल मे समां गये है। जबकि 112 लोग बीमार हैं, जिन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस बेहद संवेदनशील मामले में शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
विनायका थाना पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से सवा दो सौ लीटर अवैध देशी शराब जब्त की है। इसके साथ ही एसडीएम आरती यादव को कलेक्ट्रेट कार्यालय सागर से हटा दिया गया है। उनकी जगह डिप्टी कलेक्टर संजय कुमार जैन को बंडा एसडीएम का प्रभार दिया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पुलिस शराब के निर्माण, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क को बारीकी से खंगाल रही है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि जहरीली शराब की यह खेप पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के ललितपुर से लाई गई थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में 3 आबकारी और 2 पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि अब तक 13 मौतों की पीएम रिपोर्ट में शराब की पुष्टि हुई है। कुछ अन्य मौतों में अलग-अलग कारण सामने आए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने छापरी पहुचकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और उनके आंसू पोछे। मंजर देखकर हर किसी की आखें नम हो रही हैं।















Post a Comment
0 Comments