बस्ती मे 40 लाख की लागत से चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण शुरू
बस्ती, 02 सितम्बर। शहर के बैरिहवा क्षेत्र में बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए एक नई सुविधा जुड़ने जा रही है। डॉन वास्को स्कूल के निकट बुधवार को मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत करीब 40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चिल्ड्रेन पार्क का शिलान्यास नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा ने किया। इसमे बच्चों के लिये खेलकूद और मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही बच्चों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक स्थान उपलब्ध कराना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण कराया जा रहा है। पार्क के निर्माण के बाद बच्चों को खेलने के लिए व्यवस्थित स्थान मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को भी सुबह-शाम टहलने और कुछ समय बिताने की सुविधा मिल सकेगी। प्रस्तावित चिल्ड्रेन पार्क में बच्चों के मनोरंजन और खेलकूद को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
पार्क में बच्चों के खेलने के उपकरण, ओपन जिम के उपकरण, गेट और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा लोगों के आवागमन के लिए पाथवे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैठने के लिए बेंच भी लगाई जाएंगी। पार्क को आकर्षक और हरा-भरा बनाने के लिए फूल-पौधे भी लगाए जाएंगे। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सकेगा। पार्क की योजना इस तरह तैयार की जा रही है कि बच्चों के साथ स्थानीय नागरिक भी इसका उपयोग कर सकें।

.jpg)











Post a Comment
0 Comments