लिटिल फ्लावर स्कूल के नौनिहालों ने किया कृष्ण लीला का अभिनय
बस्ती, 04 सितम्बर। लिटिल फ्लावर कॉन्वेंट स्कूल, कटरा बस्ती में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। भक्तिगीतों और कृष्ण के बाल रूपों मे सजे नौनिहालों ने दर्शकों का मनमोह लिया। विद्यालय का वातावरण कृष्णमय हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह ने दीप जलाकर किया।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण बेहद आकर्षक था। बच्चों की सुंदर वेशभूषा, भाव-भंगिमाओं और मनमोहक नृत्य ने उपस्थित सभी का ध्यान खींचा। बच्चों की मासूमियत और उत्साह ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। विद्यार्थियों ने एक शानदार कृष्ण लीला का मंचन भी किया। इस प्रस्तुति में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर उनके जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों, कर्म और श्रीमद्भगवद्गीता के सार को सरल एवं सुंदर रूप में प्रस्तुत कर सभी को प्रेरित किया।
अंत मे प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह सर ने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के प्रयास, आत्मविश्वास और प्रतिभा की प्रशंसा की तथा उन्हें इसी प्रकार पूरे उत्साह और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों की सीख दी। उन्होंने कहा कि यदि वे मन लगाकर पढ़ाई करेंगे, अच्छे संस्कार अपनाएँगे और अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार रहेंगे, तो भविष्य में वे एक अच्छे इंसान बनकर समाज और देश के कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।















Post a Comment
0 Comments