टेंट व्यवसायियों का ऐलान,
मागें नही मानी गईं तो सड़क पर उतरेंगे
गौतमबुद्ध नगर संवाददाता (ओ पी श्रीवास्तव)। उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन (रजि.) ने टेंट, बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस एवं वेडिंग कारोबार से जुड़े व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग प्रदेश एवं केंद्र सरकार से की है। एसोसिएशन की ओर से आगामी 19-20 सितंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा स्थित गोल्डन ड्रीम रिसॉर्ट में आयोजित होने वाले महाधिवेशन के संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस शुक्रवार को की और दावा किया कि यदि सरकार ने उनकी मांग नहीं मानी तो वे सड़क से संसद तक आर पार की लड़ाई लड़ेगा।
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि टेंट का सामान ले जाने वाले वाहनों को ई-वे बिल की अनावश्यक प्रक्रिया से राहत दी जाए, क्योंकि टेंट का सामान मुख्य रूप से शादी-विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भेजा जाता है और रास्ते में जांच के कारण सामान पहुंचने में देरी होती है। इसके साथ ही बैंक्वेट हॉल एवं फार्म हाउस को सराय एक्ट के प्रावधानों से मुक्त रखने की मांग की गई है। एसोसिएशन का कहना है कि इन स्थानों पर मुख्य रूप से विवाह, शादी-पार्टी एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं तथा इन्हें होटल अथवा सराय की श्रेणी में रखना व्यावहारिक नहीं है।
एसोसिएशन ने नव विकसित क्षेत्रों में विवाह एवं सामाजिक कार्यक्रमों के लिए स्थान तथा बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की है। एसोसिएशन ने केंद्र सरकार से जीएसटी पंजीकरण की सीमा बढ़ाने की मांग की है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वर्तमान व्यवस्था में सामान्य राज्यों में सेवा प्रदाताओं के लिए सीमा 20 लाख रुपये तथा विशेष राज्यों में 10 लाख रुपये है। एसोसिएशन ने इसे बढ़ाकर सामान्य राज्यों में 50 लाख रुपये और विशेष राज्यों में 25 लाख रुपये करने का सुझाव दिया है।
टेंट, बैंक्वेट हॉल, फार्म हाउस एवं वेडिंग सेवाओं पर लागू जीएसटी दर को लेकर भी एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है। एसोसिएशन ने 18 प्रतिशत जीएसटी (आईटीसी सहित) अथवा 5 प्रतिशत बिना आईटीसी में से किसी एक विकल्प को चुनने की सुविधा देने की मांग की है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष अशोक चावला, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण शर्मा, महामंत्री अभिलेश वर्मा, कोषाध्यक्ष महेश गुप्ता, संयुक्त महामंत्री मुकेश त्यागी, उपाध्यक्ष मुकेश सिंगल, युवा कोषाध्यक्ष पश्चिम क्षेत्र विनोद पाल, नोएडा अध्यक्ष जगदीश नागर, नोएडा महामंत्री विनोद शर्मा, नोएडा कोषाध्यक्ष प्रवीण चौहान उपस्थित थे।





Post a Comment
0 Comments