डा. सौरभ मालवीय ने विद्या
भारती की गतिविधियों पर प्रकाश डाला
बस्ती, 22 अगस्त। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रीयता एवं आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा को केवल परीक्षा एवं रोजगार तक सीमित न रखते हुए उसे संस्कार, चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया गया है।
उक्त बातें विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने विद्या भारती के शैक्षिक कार्यों, गोरक्ष प्रान्त की उपलब्धियों तथा आगामी कार्यक्रमों की कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें चरित्रवान, राष्ट्रभक्त एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है।
डॉ. मालवीय ने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में शिक्षा में नैतिकता और मानवीय संवेदनाएं बनाए रखना आवश्यक है। इसी दिशा में विद्यालयों में आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा, अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स और कोडिंग जैसी गतिविधियों को जोड़ा जा रहा है। संत रविदास जी का 650वाँ जयंती वर्षः वर्षभर व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, निबंध, चित्रकला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उनके जीवन, दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को विद्यार्थियों व समाज तक पहुँचाया जाएगा।
वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठः सामूहिक वन्दे मातरम् गान, गायन व पेंटिंग प्रतियोगिताएं तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित कर राष्ट्रीय चेतना व देशभक्ति का भाव जागृत किया जाएगा। डॉ. मालवीय ने बताया कि विद्या भारती के कार्यों में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य बोध एवं स्वबोध जैसे ’पंच परिवर्तन’ महत्वपूर्ण हैं। पत्रकार वार्ता से पूर्व विद्या भारती गोरक्ष प्रान्त द्वारा विषय संयोजक एवं प्रान्त प्रमुख (आयाम) बैठक का आयोजन दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। बैठक में क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय जी एवं शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह की उपस्थिति रही। अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने कराया।












Post a Comment
0 Comments